Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर में चैन स्नेचर्स गिरफ्तार, लूट का पूरा माल बरामद 300 CCTV खंगालकर पुलिस ने सुलझाया मामला, गिरवी रखी चैन भी हुई बरामद

बिलासपुर में चैन स्नेचिंग की वारदात पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसीसीयू और सिविल लाइन थाना की संयुक्त टीम ने घटना के बाद शहर के 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का शत-प्रतिशत मशरूका, नगदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ऑटो भी बरामद किया है।इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व रजनेश सिंह उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में शेख सलमान और आकाश उर्फ आशु नायक शामिल हैं, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने लूट के बाद सोने की चैन और लॉकेट को आईआईएफ गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर 80 हजार रुपये का लोन भी लिया था।घटना 23 मार्च की रात की है, जब पीड़िता अपने भाई के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। रास्ते में स्कूटी पंचर होने के कारण धीमी गति से चल रही थी, तभी आरोपियों ने मौका पाकर रॉन्ग साइड से आकर गले से करीब 1.10 लाख रुपये की सोने की चैन झपट ली और फरार हो गए।

पुलिस पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिलने के बाद तत्काल जांच शुरू की गई।पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों को देवरीखुर्द और तारबाहर क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ा। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई चैन-लॉकेट, 5000 रुपये नगद, मोटरसाइकिल और ऑटो बरामद किया गया। इस सफल कार्रवाई पर शामिल पुलिस टीम को वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सराहना और पुरस्कार की घोषणा भी की गई है।

Exit mobile version