Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर में छठ पूजा की धूम,फल बाजारों में उमड़ी रौनक

बिलासपुर शहर में बिहार और उत्तर भारत का प्रमुख पर्व छठ पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शहर में रहने वाले प्रवासी बिहार निवासी व्रती सोमवार को छठ घाट पहुंचकर सूर्य देव की आराधना करेंगे। छठ पूजा में दउरा, सुथनी और ईख का विशेष महत्व है। सुथनी को छठ मैया को अर्पित किया जाता है और इसे पवित्र कंद माना जाता है।ये पूजा की मुख्य सामग्री में शामिल होती है।इसके अलावा इस पूजा में गन्ना, केला, सिंघाड़ा, बेर और अन्य मौसमी फल भी उपयोग किए जाते हैं।व्रती और उनके परिवार इन फलों से पूजा की सजावट और प्रसाद तैयार करते हैं।

बिलासपुर में छठ पूजा की तैयारियों के लिए बुधवारी बाजार में विशेष बाजार सजा है।यहां छठ पूजा की सभी सामग्री उपलब्ध है और व्रती अपने परिवार के साथ खरीदारी करते नजर आए।फल विक्रेताओं ने बताया कि इस बार फलों की कीमतें बढ़ने की बजाय स्थिर रही हैं।ग्राहकों की बड़ी संख्या ने बाजार में रौनक और उत्साह दोनों ही बढ़ा दिए हैं। व्रती और उनके परिवार इस बात से प्रसन्न हैं कि बिलासपुर में भी उन्हें अपने घर जैसा माहौल और सभी पूजा सामग्री आसानी से मिल रही है।शहर में छठ पूजा की तैयारियाँ अब पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ चल रही हैं।

Exit mobile version