
बिलासपुर से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी के एक लॉ छात्र ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मामला लव अफेयर से जुड़ा है, वहीं इलाज के दौरान अस्पताल में जमकर हंगामा भी हुआ। बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र में स्थित गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी से जुड़े एक छात्र ने आत्मदाह की कोशिश की है। छात्र ने पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घायल छात्र की पहचान आयुष यादव के रूप में हुई है, जो जीजीयू में लॉ सेकेंड ईयर का छात्र है। गुरुवार सुबह वह अचानक अपने कमरे से बाहर निकला, पेट्रोल की बोतल लेकर आया और खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा ली। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग बुझाई और तत्काल मदद की।घटना की जानकारी मिलते ही आयुष के दोस्त और परिचित मौके पर पहुंचे।

गंभीर अवस्था में उसे सबसे पहले सिम्स अस्पताल लाया गया, जहां इलाज की व्यवस्था को लेकर उसके साथियों और परिचितों ने नाराजगी जताई। लचर इलाज व्यवस्था को देखकर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे तत्काल बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया।फिलहाल आयुष यादव अपोलो अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि आत्मघाती कदम के पीछे लव अफेयर से जुड़ा मामला है, हालांकि पुलिस इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही करेगी।पुलिस जांच में सामने आया है कि आयुष यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह बिलासपुर के बड़ी कोनी स्थित रामायण नगर में एक प्राइवेट हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता प्रमोद यादव बीएसएफ में पदस्थ हैं और वर्तमान में त्रिपुरा में सेवाएं दे रहे हैं। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके बिलासपुर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पता चला कि घटना के समय छात्र का रूम पार्टनर बाहर गया हुआ था। पुलिस ने पीड़ित का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसमें आत्महत्या से पहले बनाया गया एक वीडियो मिला है। वीडियो में छात्र ने अपने इस कदम के पीछे की वजहों का जिक्र किया है। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।




