
बिलासपुर में बीते 24 घंटे से झड़ी लगी हुई है, जिससे शहर का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लगातार बारिश ने सड़कें जलमग्न कर दी हैं और आवागमन में दिक्कतें खड़ी कर दी हैं। मौसम विभाग पहले ही पांच दिन की चेतावनी जारी कर चुका था, लेकिन झड़ी ने उम्मीद से कहीं ज्यादा असर दिखाया है।बारिश का सबसे बुरा असर उसलापुर रेलवे स्टेशन पर नजर आया, जहां अधूरे शेड के कारण यात्रियों को भीगते हुए ट्रेन से उतरना पड़ा। प्लेटफॉर्म पर न तो बारिश से बचने की पर्याप्त व्यवस्था थी और न ही सुविधाएं।

अमृत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन स्टेशन की मौजूदा हालत ने उन दावों की पोल खोल दी है।रेलवे द्वारा सुविधाएं देने के नाम पर सिर्फ दिखावा किया जा रहा है। उसलापुर स्टेशन में निर्माण कार्य महीनों से चल रहा है, लेकिन धीमी रफ्तार और अधूरे इंतज़ाम ने यात्रियों को मुसीबत में डाल दिया है। बारिश के इस मौसम में छत तक मयस्सर नहीं, यह हालत आम लोगों के लिए तकलीफदेह और रेलवे प्रशासन के लिए शर्मनाक है। यात्रियों ने तीखी नाराजगी जताई है और पूछा है क्या अमृत योजना सिर्फ कागज़ों तक सीमित रह जाएगी।




