Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर में धूमधाम से मनाया गया क्रिसमस, गिरजाघरों में हुई विशेष आराधना, गीत-संगीत और प्रार्थनाओं के बीच प्रभु यीशु के जन्म दिवस की खुशियां

ईसाई समुदाय के लिए बड़ा दिन यानी क्रिसमस बेहद खास और पावन पर्व होता है। इसी कारण 25 दिसंबर को क्रिसमस का त्योहार देशभर में उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। बिलासपुर में भी गुरुवार को क्रिसमस के अवसर पर सुबह से ही विशेष रौनक देखने को मिली। शहर के सभी प्रमुख गिरजाघरों में प्रभु यीशु मसीह के जन्म दिवस को लेकर विशेष आराधना और प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया।सुबह से ही बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग गिरजाघरों में पहुंचे और प्रभु यीशु के जन्म की खुशियां मनाईं।

इस दौरान विशेष प्रार्थना, बाइबिल पाठ और गीत-संगीत का आयोजन किया गया। क्रिसमस कैरोल और भजन-कीर्तन से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। गिरजाघरों को आकर्षक रोशनी, फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया था, जिससे वातावरण और भी मनोहारी नजर आया।क्रिसमस का पर्व प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश देता है। प्रभु यीशु के जीवन और उनके उपदेशों को याद करते हुए लोगों ने एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। कई जगहों पर सांता क्लॉज के रूप में लोगों ने बच्चों को उपहार बांटे, जिससे खुशियों का माहौल और बढ़ गया।दिनभर शहर में उत्सव का माहौल बना रहा और लोगों ने आपसी सौहार्द के साथ क्रिसमस का पर्व मनाया।

Exit mobile version