
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का एकमात्र स्माल ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग यूनिट बिलासपुर के तिफरा में संचालित है, जहां खराब व बंद ट्रांसफार्मरों की मरम्मत कर उन्हें पुनः उर्जीकृत किया जाता है।इस वर्कशॉप में अनुभवी व प्रशिक्षित कर्मचारियों द्वारा ट्रांसफार्मरों की तकनीकी जांच के बाद मानक गुणवत्ता के अनुरूप सुधार कार्य किया जाता है, जिससे नए ट्रांसफार्मर की खरीद पर होने वाला खर्च बचता है।अप्रैल 2025 से दिसंबर 2025 तक यहां 360 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर और 38 करंट ट्रांसफार्मर लाए गए, जिनमें से लगभग 3.50 करोड़ रुपये लागत के 274 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर और 30 सीटी को मरम्मत कर पुनः उपयोग योग्य बनाया गया।कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्ट के अनुसार इस यूनिट से कंपनी को आर्थिक बचत के साथ-साथ ट्रांसफार्मरों की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित हुई है, जिससे उपभोक्ताओं को शीघ्र और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल रही है।




