Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर में फिर बड़ा गोवंश एक्सीडेंट, 19 गायों की मौत, गौ सेवकों में आक्रोश

बिलासपुर जिले में गोवंश एक्सीडेंट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है, जहां हाईवे पर हुए हादसे में करीब 19 गायों की मौके पर ही मौत हो गई। इससे पहले भी रतनपुर हाईवे में गौवंशों को रौंदने की घटना सामने आई थी।जानकारी के अनुसार, चकरभाठा क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन ने रात के समय सड़क पर बैठे गोवंश को कुचल दिया। हादसे में कई गायों की मौत हो गई, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल भी हुई हैं। यह घटना देर रात हुई, जब वाहन की गति अत्यधिक तेज बताई जा रही थी। इस घटना के बाद गौ सेवकों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि हाईवे पर लगातार गोवंशों की दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन और वाहन चालकों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।

इससे निर्दोष जानवरों की जान जा रही है। गौरतलब है कि कुछ समय पहले प्रशासन द्वारा हाईवे से गौवंशों को हटाने की कार्रवाई की जा रही थी, जिससे हालात थोड़े बेहतर हुए थे। लेकिन अब फिर से वही स्थिति बन गई है और सड़कों पर खुलेआम गौवंश विचरण करते नजर आ रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ गई है। आक्रोशित गौ सेवकों ने मस्तूरी थाना जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर गौवंशों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं और दोषी वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, पुनः अभियान चलाकर सड़कों से गोवंशों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।

Exit mobile version