
बिलासपुर में मंगलवार रात एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई, जहां सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर ज्वेलरी व्यवसायी संतोष तिवारी को हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने उनका रास्ता रोककर बंदूक की नोक पर धमकाया और विरोध करने पर मारपीट करते हुए सिर पर हथियार से वार कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।घटना के दौरान आरोपियों ने उनकी मेहरून रंग की रीनॉल्ट कार लूट ली, जिसमें सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग रखा हुआ था। वारदात के समय फायरिंग की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम गए।

घायल व्यापारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।मौके की जांच में पुलिस को बदमाशों द्वारा छोड़ी गई एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल और एक अन्य कार मिली, साथ ही मैगजीन और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। इससे पुलिस को आशंका है कि वारदात पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे शहर में नाकेबंदी कर सघन जांच शुरू कर दी गई। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन घटना के बाद इलाके में दहशत और सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।




