Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर में बर्ड फ्लू की दस्तक, प्रशासन अलर्ट मोड में मुर्गा-मुर्गी की दुकानों पर कार्रवाई, संक्रमण रोकने सख्त कदम

बिलासपुर में बर्ड फ्लू की आशंका ने प्रशासन और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। अगर आप नॉनवेज खाने के शौकीन हैं, तो अब सावधानी बेहद जरूरी हो गई है, क्योंकि संक्रमण का खतरा बाजार तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। बर्ड फ्लू यानी एवियन इन्फ्लुएंजा की आशंका के बाद स्वास्थ्य, पशुपालन और नगर निगम की संयुक्त टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं। प्रभावित इलाकों में पोल्ट्री पक्षियों को चिन्हित कर तेजी से नष्ट किया जा रहा है, ताकि संक्रमण की चेन को शुरुआत में ही तोड़ा जा सके।शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मुर्गा-मुर्गी की दुकानों पर भी प्रशासन की सख्ती साफ नजर आ रही है।

नगर निगम की टीम मौके पर पहुंचकर एक के बाद एक दुकानों को बंद करा रही है। दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी जा रही है कि आदेश का पालन अनिवार्य है, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।जमीनी हालात और भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। कई स्थानों पर मृत और अर्धमृत मुर्गियां मिलने की खबरें सामने आई हैं। इन्हें वैज्ञानिक तरीके से डिस्पोजल किया जा रहा है, ताकि वायरस का प्रसार न हो और आसपास के इलाकों में संक्रमण फैलने का खतरा कम किया जा सके।विशेषज्ञों ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

फिलहाल चिकन और अंडे के सेवन से परहेज करने की बात कही जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी संक्रमण को बढ़ा सकती है, जिससे आम लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। फिलहाल प्रशासन का संदेश साफ है घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें। क्योंकि जरा सी लापरवाही भी स्थिति को गंभीर बना सकती है। बर्ड फ्लू की इस दस्तक ने यह साफ कर दिया है कि समय रहते सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।

Exit mobile version