Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर में बिजली संकट गहराया, लो वोल्टेज और बार-बार कटौती से जनता त्रस्त विधायक सुशांत शुक्ला ने पूर्ववर्ती सरकार पर साधा निशाना

बिलासपुर शहर में इन दिनों बिजली संकट गंभीर होता जा रहा है। लगातार हो रही बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से नागरिक परेशान हैं। इससे न सिर्फ घरेलू जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में स्थानीय निवासियों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया है और जल्द समाधान न मिलने पर विभागीय कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है। इस पूरे मामले पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने बयान देते हुए पूर्ववर्ती सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि, पिछली सरकार ने मेंटेनेंस के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए, लेकिन बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कोई वास्तविक काम नहीं किया गया। उसी लापरवाही का नतीजा आज जनता भुगत रही है। विधायक शुक्ला ने आगे कहा कि वर्तमान सरकार इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सुधार कार्य की तैयारी में जुट गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बिजली आपूर्ति को दुरुस्त करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और आने वाले समय में लोगों को इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी व्यवस्था को पटरी पर लाने में थोड़ा समय लगता है। फिलहाल, बिलासपुर की जनता राहत की उम्मीद में है और बिजली विभाग से तत्काल स्थायी समाधान की मांग कर रही है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमले पर दबाव लगातार बढ़ रहा है कि वे बिजली संकट का समाधान कर जनजीवन को सामान्य बनाएं।

Exit mobile version