Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर में बीएलओ का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू,सटीक मतदाता सूची निर्माण पर जोर

बिलासपुर, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त बीएलओ और पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण 9 जुलाई से शुरू हुआ है। यह प्रशिक्षण जल संसाधन विभाग के प्रार्थना सभा कक्ष में आयोजित किया गया, जिसमें मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन करने के लिए विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनरों द्वारा बीएलओ और सुपरवाइजरों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न फॉर्म – नाम जोड़ने नाम हटाने और फॉर्म नाम, पते में सुधार की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। साथ ही घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन की कार्यप्रणाली और आवश्यक सावधानियों पर भी जोर दिया गया। निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान मतदाता सूची की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है। इस दौरान नए मतदाताओं को जोड़ने, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और गलतियों को सुधारने का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा। प्रशिक्षण सत्र में सभी बीएलओ को समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने यह भी कहा कि यह बीएलओ की जिम्मेदारी है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और सभी को मतदान का अधिकार सुनिश्चित हो। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से जिले में गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष मतदाता सूची तैयार की जाएगी, जिससे आगामी चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सकेगी।

Exit mobile version