
थाना सिविल लाइन अंतर्गत मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी में महिला कुल्हाड़ी से हमले की कोशिश का मामला सामने आया है।पीड़ित परमारस सिंह ने एसएसपी से शिकायत कर बताया कि जब वह घर पर नहीं थे,उस दौरान उनकी पत्नी बुद्धेश्वरी सिंह पर पड़ोस में रहने वाली उषा द्विवेदी ने जानलेवा हमला कर दिया।महिला ने गाली-गलौज करते हुए पत्थर और ईंट से हमला करने की कोशिश की।यही नहीं उषा ने उनकी छोटी बच्ची पर भी ईंट उठाकर हमला करने की कोशिश की,जो कॉलोनी में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया।घटना के समय कॉलोनी में मौजूद लोगों ने भी पूरे घटनाक्रम को देखा, लेकिन आरोपित महिला का रवैया लगातार उग्र बना रहा। परमारस सिंह का कहना है कि उनकी पत्नी के साथ पहले भी कई बार गाली-गलौज और विवाद हो चुका है। उन्होंने बताया कि आरोपी पक्ष के बच्चों द्वारा उनकी बाइक से भी कई बार छेड़छाड़ की गई है और वाहन को नुकसान पहुंचाया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक हानि भी हुई है।इस घटना का वीडियो जब सोशल मीडिया में वायरल हुआ, तब जाकर पुलिस हरकत में आई। सिविल लाइन थाने में पीड़ित ने जब शिकायत दर्ज कराई तो शुरू में एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया गया। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गयी।




