
बिलासपुर जिले में स्कूली विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पूर्व कलेक्टर अवनीश शरण द्वारा शुरू किए गए नाइंटी प्लस अभियान को वर्तमान कलेक्टर संजय अग्रवाल भी आगे बढ़ा रहे हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि जिस तरह पिछले वर्ष नाइंटी प्लस का लक्ष्य तय कर बच्चों के शैक्षणिक परिणामों में सुधार लाया गया था उसी तर्ज पर इस वर्ष भी प्रशासन पूरी गंभीरता से इस लक्ष्य को लेकर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ेगा बल्कि जिले का शैक्षणिक स्तर भी ऊंचा होगा। प्रशासन द्वारा शिक्षकों को विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने कमजोर विषयों की पहचान कर अतिरिक्त मार्गदर्शन देने और नियमित मूल्यांकन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही छात्रों को मानसिक रूप से प्रोत्साहित करने और परीक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर ने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार छात्रों में लक्ष्य को लेकर अधिक जागरूकता देखी जा रही है। नाइंटी प्लस अभियान के तहत बच्चों को बेहतर रणनीति समय प्रबंधन और विषयवार तैयारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है जिससे वे निर्धारित लक्ष्य को हासिल कर सकें। प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल का सकारात्मक असर इस वर्ष के परीक्षा परिणामों में साफ नजर आएगा और बिलासपुर जिला शैक्षणिक उपलब्धियों के मामले में राज्य स्तर पर अग्रणी जिलों में शामिल होगा। शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार प्रयासरत है




