
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में वेलेंटाइन डे के विरोध में शिवसेना ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। देवकीनंदन चौक पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने वेलेंटाइन का पुतला दहन कर पश्चिमी संस्कृति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इससे पहले शिवसेना कार्यकर्ताओं ने शहर में बाइक रैली निकाली और युवाओं से वेलेंटाइन डे के नाम पर फैल रही वेस्टर्न कल्चर से दूर रहने की अपील की। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और परंपराओं को अपनाने का संदेश दिया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 14 फरवरी देश के लिए ब्लैक डे है, क्योंकि इसी दिन पुलवामा में हुए आतंकी हमले में कई वीर जवान शहीद हुए थे। उनका कहना था कि वेलेंटाइन डे के जरिए विदेशी ताकतें देश में पाश्चात्य संस्कृति थोपने का प्रयास कर रही हैं, जिसे शिवसेना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। शिवसेना नेताओं ने युवाओं से इस दिन को मातृ-पितृ दिवस के रूप में मनाने, माता-पिता के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने की अपील की। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ता अनुशासित ढंग से लौट गए।




