Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर में शराबी पति ने पत्नी की हत्या की लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ वार कर उतारा मौत के घाट

बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ग्राम बड़े बिनावरी में शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना दिनदहाड़े हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की शुरुआत घर के भीतर मामूली विवाद से हुई। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच बच्चे को नहलाने को लेकर बहस हो रही थी। इसी दौरान आरोपी जितेन्द्र धुरु ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी लच्छन धुरु पर लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया।पुलिस के मुताबिक, जितेन्द्र धुरु शराब के नशे में था। पत्नी के बच्चे पर चिल्लाने की बात से वह बौखला गया और उसने आपा खो दिया।

वार इतने गंभीर थे कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हत्या की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जितेन्द्र अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी से झगड़ा करता था, लेकिन इस बार मामला जानलेवा बन गया। इस घटना से एक मासूम बच्चा अनाथ हो गया। मां की हत्या उसके सामने हुई और पिता अब जेल की सलाखों के पीछे है। एक परिवार नशे और हिंसा की भेंट चढ़ गया। वहीं गांव में लोग घटना को लेकर स्तब्ध भी हैं।

Exit mobile version