Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर में शुरू हुआ आईजी का वार्षिक निरीक्षण,पहले चरण में पुलिस लाइन व एसपी ऑफिस की समीक्षा

बिलासपुर जिले में तीन दिवसीय वार्षिक निरीक्षण की शुरुआत हो गई है। आईजी स्तर पर किए जा रहे इस निरीक्षण में पुलिस की कार्यप्रणाली से लेकर अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कामकाज की बारीकी से समीक्षा की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे आईजी डॉ संजीव शुक्ला ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि वार्षिक निरीक्षण साल में एक बार होता है। इसी क्रम में इस बार तीन दिनों तक बिलासपुर जिले का निरीक्षण किया जा रहा है।

पहले चरण में पुलिस लाइन का निरीक्षण किया गया, जहां परेड एवं कार्यपद्धति की जांच की गई।निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन में राजपत्रित अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके साथ ही पुलिस लाइन की कार्यप्रणाली और सुविधाओं का भी परीक्षण किया गया।दोपहर बाद निरीक्षण का दूसरा चरण पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुआ। इस दौरान एसएसपी रजनेश सिंह, एएसपी अर्चना झा, पुलिस प्रवक्ता एवं डीएसपी रश्मित कौर चावला सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान आईजी ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक ली और विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की।

अपराध नियंत्रण, विवेचना और कर्मचारियों के कल्याण संबंधी कार्यों में सुधार की सराहना भी की गई।पिछले एक साल में बिलासपुर पुलिस ने अपराध नियंत्रण और विवेचना के साथ-साथ कार्यालयीन और प्रशासनिक कार्यों में भी उल्लेखनीय सुधार किया है। निरीक्षण के दौरान इसे प्रथम दृष्टया सफल माना गया। आईजी ने कहा कि सुधार की गुंजाइश हमेशा बनी रहती है। आने वाले वर्ष के लिए और बेहतर लक्ष्य तय किए गए हैं ताकि अगले निरीक्षण तक पुलिस व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

Exit mobile version