Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर में सड़क पर स्टंटबाज़ी का वीडियो वायरल, पुलिस की सख्त कार्रवाई,18 कारें जब्त, सभी कार मालिकों और युवकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज

बिलासपुर में तेज़ रफ़्तार और स्टंट का शौक युवकों पर भारी पड़ गया। देर रात मस्तूरी रोड पर पार्टी करने जा रहे युवकों ने चलती कारों की खिड़कियों और सनरूफ से बाहर निकलकर जानलेवा स्टंट किए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बड़ा एक्शन लिया और 18 कारों को ज़ब्त कर लिया। सभी कार मालिकों और स्टंट करने वाले युवकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है वायरल वीडियो बिलासपुर की मस्तूरी रोड का है, जहाँ दर्जनों कारों का काफिला फार्म हाउस की तरफ जा रहा था। इस दौरान कई युवक कार की खिड़कियों और सनरूफ से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करने लगे। इन युवकों ने न केवल अपनी जान जोखिम में डाली, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल दिया। उनकी यह हरकत पीछे चल रहे एक कार सवार ने कैमरे में कैद कर ली और वीडियो तुरंत पुलिस तक पहुँच गया।वीडियो मिलने के बाद पुलिस ने देर किए बिना एक्शन लिया। सभी 18 कारें, जो लहर रिसॉर्ट फार्म हाउस की ओर जा रही थीं, जब्त कर ली गईं। स्टंट करने वाले युवकों और कार मालिकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने साफ कहा है कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाज़ी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने युवाओं को सख्त चेतावनी दी है कि मनोरंजन और रील बनाने के नाम पर सार्वजनिक सड़कों पर जानलेवा स्टंट करना न सिर्फ गैरकानूनी है बल्कि यह जीवन के लिए खतरनाक भी हो सकता है। बिलासपुर पुलिस ने इस कार्रवाई से साफ संदेश दिया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर अब कड़ी कार्रवाई होगी।

Exit mobile version