Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर में 44 डिग्री तापमान के साथ भीषण गर्मी का कहर, अगले 48 घंटे हीट वेव अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग, रायपुर केंद्र की ओर से जारी चेतावनी के मुताबिक, बिलासपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में लू चलने की प्रबल संभावना है। मंगलवार को दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई और दोपहर तक यह 44 डिग्री तक पहुंच गया।अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बिलासपुर, कोरबा, रायपुर, बलौदा बाजार, मुंगेली, दुर्ग, राजनांदगांव और कांकेर समेत कई जिलों में हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे गर्मी और खतरनाक हो सकती है।इस बढ़ती गर्मी के बीच स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। लू से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीने और ढीले-हल्के कपड़े पहनने की हिदायत दी गई है।अगर कोई व्यक्ति लू से प्रभावित हो जाए, तो उसे तुरंत छांव में ले जाकर प्राथमिक उपचार देना जरूरी है। शरीर को गीले कपड़े से पोंछें, सिर पर सामान्य तापमान वाला पानी डालें और डॉक्टर से संपर्क करें। ऐसे मामलों में देरी जानलेवा हो सकती है।बिलासपुर में लगातार बढ़ रही गर्मी ने न केवल जनजीवन को प्रभावित किया है, बल्कि स्कूलों, बाजारों और सड़कों पर भी इसका असर साफ नजर आ रहा है। लोग जरूरी काम भी सुबह या शाम के समय निपटाने को मजबूर हैं। अब सवाल यह है कि क्या आने वाले दिनों में मौसम में कुछ राहत मिलेगी या यह गर्मी और सताएगी।

Exit mobile version