Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर यातायात पुलिस की सख्ती: नो पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर कार्रवाई तेज मल्टीलेवल पार्किंग के उपयोग पर जोर, शासकीय भवनों के बाहर बेतरतीब पार्किंग पर चेतावनी

बिलासपुर यातायात पुलिस ने सोमवार को मुंगेली नाका से लेकर नेहरू चौक और महामाया चौक तक विशेष सघन अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य मार्ग पर अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों और फुटकर दुकानों को हटाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन और एएसपी रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस ने देखा कि जिला कलेक्ट्रेट, न्यायालय, जिला पंचायत और पुलिस अधीक्षक कार्यालयों के बाहर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इससे मार्ग बाधित हो रहा है और नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसी को देखते हुए संबंधित कार्यालयों के अधिकारियों और बार एसोसिएशन पदाधिकारियों से समन्वय कर पार्किंग नियमों के पालन की अपील की गई।

यातायात पुलिस ने यह भी बताया कि नगर प्रशासन द्वारा मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्था की गई है, परंतु वाहन चालक उसका उपयोग नहीं कर रहे हैं। इसके बजाय वाहन मुख्य सड़कों पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े किए जा रहे हैं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा रही है।पुलिस ने आम जनता और शासकीय भवनों में आने-जाने वाले सभी लोगों से अनुरोध किया है कि वे केवल चिन्हित स्थलों या मल्टीलेवल पार्किंग का ही प्रयोग करें। भविष्य में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version