
बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में सराफा व्यापारी से हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से पांच आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटा गया माल और हथियार बरामद किए गए हैं। घटना 17 फरवरी की रात करीब 9:15 बजे राजकिशोर नगर इलाके में हुई, जब महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में घात लगाए आरोपियों ने उनकी कार को टक्कर मारकर हमला किया और मारपीट करते हुए सोना-चांदी और नकदी से भरे बैग लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक जांच के जरिए आरोपियों की पहचान की गई। मौके से कारतूस, हथौड़ा और एक वाहन भी बरामद हुआ।जांच के दौरान पता चला कि आरोपी उत्तर प्रदेश की ओर भागे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को रवाना किया गया और मिर्जापुर जिले में घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी को बाद में पकड़ा गया।

आरोपियों के कब्जे से करीब 2 किलो सोना, जेवरात, कच्चा सोना, सोने की फाइन गोल्ड और लगभग 3.5 लाख रुपये नकद सहित घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मुख्य आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा है और उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में कई मामले दर्ज हैं। आरोपियों को बिलासपुर लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




