
सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित राजकिशोर नगर में ज्वेलरी व्यापारी से हुई सनसनीखेज लूट की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सूचना मिलते ही आईजी रेंज रामगोपाल गर्ग स्वयं घटनास्थल पहुंचे और अधिकारियों के साथ मौके का जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और संदिग्धों की आवाजाही की गहन जांच के निर्देश देते हुए कहा कि घटना के दौरान गोली नहीं चली, लेकिन मौके से कारतूस मिलना वारदात की गंभीर मंशा को दर्शाता है।

नकाबपोश बदमाशों द्वारा व्यापारी से मारपीट कर कार और आभूषणों से भरा बैग लूटने की इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर सघन जांच शुरू कर दी है और आईजी ने भरोसा दिलाया है कि सभी पहलुओं पर तेजी से जांच कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।




