Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर व्यापार विहार रोड पर अतिक्रमण से आवागमन बाधित, नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

बिलासपुर शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक व्यापार विहार रोड इन दिनों अतिक्रमण और निर्माण सामग्री के अराजक ढेर की वजह से चर्चा में है। निजी निर्माण कार्य के चलते सड़क पर मलबा फैलाया गया है, जिससे भारी वाहनों को आने-जाने में भारी कठिनाई हो रही है। मिली जानकारी के अनुसार, कादिर भाभा नामक व्यक्ति द्वारा निजी भवन निर्माण किया जा रहा है।

लेकिन निर्माण कार्य के दौरान भवन सामग्री को सड़क पर ही बिखेर दिया गया है। इससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि आमजन को भी रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चौकीदार के लिए ईंटों से एक अस्थायी घर भी सड़क से सटाकर बना दिया गया है, जो पूरी तरह से नियमों के खिलाफ है।

इस निर्माण ने न सिर्फ सड़क की चौड़ाई कम कर दी है बल्कि राहगीरों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल दिया है। नगर निगम की ओर से जहां एक ओर शहर भर में अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाई जा रही है, वहीं व्यापार विहार जैसे प्रमुख इलाके में ऐसे खुलेआम नियमों की अवहेलना ने निगम प्रशासन की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर निगम तत्काल प्रभाव से इस अवैध निर्माण पर कार्रवाई करे और सड़क से मलबा हटवाए। लोगों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों में सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था चरमरा जाएगी।

Exit mobile version