
बिलासपुर से नई दिल्ली और मुंबई के लिए नई वंदे भारत ट्रेन शुरू होने की खबर इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। फेसबुक, व्हाट्सएप और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर लोग बिना पुष्टि किए इन दावों को साझा कर रहे हैं, जिससे यात्रियों के बीच भ्रम और गलत उम्मीदें पैदा हो गई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बिलासपुर से सीधे नई दिल्ली और मुंबई के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस जल्द शुरू होने वाली है। कुछ पोस्ट्स में कथित समय-सारणी और रूट तक साझा किए जा रहे हैं, जिससे यात्री गुमराह हो रहे हैं।जब इन दावों की पड़ताल की गई तो रेलवे प्रशासन ने ऐसी किसी भी योजना से साफ इनकार कर दिया। बिलासपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि फिलहाल बिलासपुर से नई दिल्ली या मुंबई के लिए किसी भी नई वंदे भारत ट्रेन को चलाने का कोई प्रस्ताव नहीं है।रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि भविष्य में किसी नई ट्रेन की शुरुआत या रूट में बदलाव किया जाता है, तो उसकी जानकारी रेलवे बोर्ड या संबंधित रेल मंडल द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी जाएगी। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वंदे भारत से जुड़ी खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि टिकट बुकिंग या यात्रा की योजना बनाने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, नोटिफिकेशन या अधिकृत चैनलों से ही जानकारी प्राप्त करें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।




