Site icon Grand Gumber News

बिलासपुर स्वच्छता में नंबर दो के बाद अब ‘एक्शन मोड’ में निगम गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना, स्वच्छता पेट्रोलिंग बस की सख्त निगरानी

स्वच्छता में देशभर में दूसरा स्थान मिलने के बाद अब बिलासपुर नगर निगम अपनी स्थिति और मजबूत करने में जुट गया है। दो दिनी अभियान में स्वच्छता टीम ने पेट्रोलिंग बस के साथ शहरभर में सघन जांच की और गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की।मंगलवार और बुधवार को निगम के स्वास्थ्य अमले ने शहर के कई इलाकों में सघन निरीक्षण किया। स्वच्छता पेट्रोलिंग बस के साथ पहुंची टीम ने खुले में कचरा फेंकने, नालियों में गंदगी डालने और सार्वजनिक जगहों पर गंदगी फैलाने वालों को चेतावनी दी। कुछ मामलों में जुर्माना भी वसूला गया।

स्वास्थ्य अधिकारी दीपक कुमार ने कहा कि बिलासपुर को देश का दूसरा सबसे स्वच्छ शहर बनाना सिर्फ निगम का नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। सफाई के नियमों का उल्लंघन अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।अधिकारी ने कहा कि हम लोगों को लगातार जागरूक कर रहे हैं। लेकिन जो नहीं मानते, उनके खिलाफ जुर्माना और कार्रवाई तय है। शहर को साफ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।टीम ने बाजार, मोहल्ला, सार्वजनिक स्थल और सड़कों का निरीक्षण कर खुले में कचरा फेंकने वाले ठेला-खोमचा वालों को चेतावनी दी।

जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हांकित कर तत्काल सफाई के निर्देश भी दिए गए हैं। निगम की ओर से यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि जो स्वच्छता नियमों का पालन नहीं करेगा, उसे जुर्माना और कानूनी कार्रवाई दोनों झेलनी पड़ेगी। वहीं, नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने घर और दुकान के आसपास सफाई बनाए रखें और शहर की प्रतिष्ठा को बरकरार रखने में भागीदार बनें।

Exit mobile version