
बिलासपुर– रेलवे मंत्रालय द्वारा बिलासपुर जोन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न स्टेशनों पर 52 ट्रेनों के ठहराव को पुनः शुरू किया गया है। कोरोना महामारी के दौरान जिन स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया था, अब वहां एक बार फिर से ट्रेनों की सुविधाएं बहाल की जा रही हैं। इसी कड़ी में बिल्हा रेलवे स्टेशन को भी तीन ट्रेनों का नया ठहराव प्राप्त हुआ है।सोमवार को इस अवसर पर बिल्हा स्टेशन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक एवं क्रेडा के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी शामिल हुए। इस मौके पर तीन नई स्टॉपेज वाली ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। स्थानीय जनता एवं यात्रियों में इस निर्णय को लेकर हर्ष और उत्साह का माहौल देखा गया।विधायक धरमलाल कौशिक ने इस पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यात्री सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि ट्रेनों के ठहराव से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि स्थानीय व्यापार और संपर्क भी मजबूत होगा। उन्होंने रेल मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।




