Site icon Grand Gumber News

बृहस्पति बाजार व्यवस्थित करने निगम की सुनवाई आज

बिलासपुर के बृहस्पति बाजार को व्यवस्थित और सुचारू बनाने के लिए नगर निगम लगातार अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई कर रहा है। इसके बावजूद बाजार में अव्यवस्था बनी रहती है और कई बार व्यापारी निगम की कार्रवाई का विरोध करते भी नजर आते हैं। वर्षों से जारी इस समस्या को हल करने के लिए निगम इस बार सख्त रुख अपनाता दिख रहा है। निगम द्वारा की जा रही जांच में पता चला है कि बृहस्पति बाजार में कुल 218 चबूतरे और 33 दुकान ऐसे हैं जिनकी स्थिति और वैधता की जांच की जा रही है। इन सभी दुकानों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। निगम का कहना है कि जांच में अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई तय है, जिससे बाजार की अव्यवस्था को दूर किया जा सके। नगर निगम ने आज, मंगलवार को दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक इन दुकानों से संबंधित सुनवाई निर्धारित की है। इस दौरान व्यापारी अपने दस्तावेज़ और पक्ष प्रस्तुत करेंगे। निगम सुनवाई के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेगा और अतिक्रमण या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कड़ा निर्णय लिया जा सकता है। निगम आयुक्त अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बृहस्पति बाजार को व्यवस्थित करना निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जों और अनियमित दुकानों की वजह से आम लोगों को लंबे समय से असुविधा हो रही है, जिसे दूर करने के लिए पारदर्शी जांच और सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Exit mobile version