
रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जब बेटियाँ पढ़ती हैं तो केवल दो परिवार नहीं बल्कि पूरी पीढ़ियाँ शिक्षित होती हैं। इसी सोच के साथ प्रदेश में अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर स्थित निवास कार्यालय से इसका शुभारंभ किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना उन बेटियों के लिए वरदान साबित होगी जो आर्थिक तंगी के कारण उच्च शिक्षा अधूरी छोड़ देती हैं। उन्होंने अजीम प्रेमजी फाउंडेशन को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस पहल से हजारों छात्राओं को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलेगा।योजना के तहत प्रदेश के शासकीय विद्यालयों से 10वीं और 12वीं पास करने वाली छात्राओं को देश के किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान में पढ़ाई के लिए सालाना 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके जरिए स्नातक और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को मदद मिलेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ संकल्प को यह योजना और मजबूत करेगी। उन्होंने सभी कॉलेजों और संस्थानों को निर्देश दिया कि योजना की जानकारी अधिक से अधिक छात्राओं तक पहुँचाई जाए ताकि कोई भी पात्र छात्रा वंचित न रहे।आवेदन प्रक्रिया दो चरणों में होगी—पहला 10 से 30 सितम्बर 2025 और दूसरा 10 से 31 जनवरी 2026 तक। आवेदन नि:शुल्क ऑनलाइन वेबसाइट या क्यूआर कोड के माध्यम से किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह योजना बेटियों की उच्च शिक्षा को नई उड़ान देगी और प्रदेश के विकास में उनकी अहम भागीदारी सुनिश्चित करेगी।




