Site icon Grand Gumber News

बोहरा समाज ने पर्यावरण और पक्षी संरक्षण को समर्पित किया विशेष कार्यक्रम, बर्ड फीडर का हुआ वितरण वृक्षारोपण, पक्षियों के लिए दाना-पानी और समाज सेवा पर केंद्रित रहा आयोजन, धर्मगुरु की पहल को सराहा गया

बिलासपुर दाऊदी बोहरा समाज ने शनिवार को मोहम्मदी हॉल, खपरगंज में पर्यावरण और पक्षी संरक्षण को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। यह आयोजन समाज के धर्मगुरु सैय्यदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहेब के मार्गदर्शन में हुआ, जिन्होंने वर्ष 2011 में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था की पहल की थी। कार्यक्रम में वृक्षारोपण के साथ-साथ बर्ड फीडर वितरण भी किया गया।मुख्य अतिथि के रूप में तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि इंसानियत के साथ-साथ जीवों के लिए भी सोच रखना अद्भुत है, जो सैय्यदना साहेब की सोच को दर्शाता है।

उन्होंने इस अभियान को पूरे समाज में फैलाने की अपील की। बोहरा समाज के जनाब आमिल साहेब ने बताया कि समाज द्वारा सैफी अस्पताल, जल संरक्षण और सामाजिक उत्थान के कई कार्य किए जा रहे हैं, जिसकी सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं।मंच पर मौजूद विधायक सुशांत शुक्ला, मेयर पूजा विधानी, वरिष्ठ नेता अशोक अग्रवाल, अतिरिक्त महाधिवक्ता राणवीर सिंह मरहास, सभापति बिनोद सोनी, पार्षद शहजादी कुरैशी सहित कई गणमान्यजनों ने बोहरा समाज की इस पहल को सराहते हुए इसे अनुकरणीय बताया। कार्यक्रम का संचालन मुर्तजा वनक ने किया और आभार मुल्ला हाशिम भाई ने व्यक्त किया। इस मौके पर सभी अतिथियों को बर्ड फीडर भेंट किए गए।

Exit mobile version