
ब्राह्मण महिलाओं के खिलाफ आईएएस संतोष वर्मा के कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर विवाद गहरा गया है। इस बयान से आक्रोशित ब्राह्मण समाज की महिलाओं ने आज ज़ोरदार विरोध दर्ज कराया। महिलाओं का आरोप है कि दिए गए बयान में ब्राह्मण स्त्री समाज का न सिर्फ़ अपमान किया गया, बल्कि अश्लीलता की सीमा भी लांघी गई, जो किसी भी तरह स्वीकार्य नहीं है। इसी विरोध के तहत बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज की महिलाएं सिविल लाइन थाने पहुंचीं और थाने का घेराव किया।

महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए आरोपी अफसर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई। उनका कहना था कि ऐसे बयान समाज में वैमनस्य फैलाने वाले हैं और महिला सम्मान पर सीधा प्रहार करते हैं।आक्रोशित महिलाओं ने सिविल लाइन थाना प्रभारी को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने आईएएस संतोष वर्मा के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग रखी। महिलाओं ने कहा कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन को और उग्र करने के लिए बाध्य होंगी। ब्राह्मण समाज की महिलाओं का कहना है कि प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द जांच पूरी कर दोषी के खिलाफ उदाहरणीय कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी जिम्मेदार पद पर बैठा व्यक्ति किसी भी समाज विशेष, खासकर महिलाओं के सम्मान से जुड़ा आपत्तिजनक बयान देने से पहले सौ बार सोचने को मजबूर हो।




