
माना थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्लू वाटर इलाके में पानी के भीतर एक अज्ञात व्यक्ति की सर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों ने तालाब/ब्लू वाटर में पानी पर तैरती लाश को देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची माना थाना पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया, तब यह स्पष्ट हुआ कि मृतक का सिर शरीर से गायब है।शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। शव कई घंटे पुराना होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि हत्या कहीं और कर शव को सबूत मिटाने के इरादे से ब्लू वाटर में फेंका गया होगा। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य एकत्र कर रही है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। वहीं पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालने के साथ-साथ क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। इस दिल दहला देने वाली घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।




