Site icon Grand Gumber News

भक्ति में लीन लाल खदान, हनुमान जन्मोत्सव पर उमड़ा जनसैलाब,हनुमान भक्त सिंह परिवार ने बांटा ‘मोहब्बत का शरबत’, भक्तों को मिला सुकून

हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर बिलासपुर के लाल खदान क्षेत्र में आस्था और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा इलाका “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। हर ओर श्रद्धा का ऐसा वातावरण था, मानो पूरा क्षेत्र भक्ति की धारा में बह रहा हो।

मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें भक्त पूरे मनोयोग से शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की गूंज ने माहौल को और भी आध्यात्मिक बना दिया। श्रद्धालु हनुमान जी की भक्ति में इस तरह लीन दिखे, जैसे हर हृदय में रामभक्ति जाग उठी हो।इस अवसर पर लाल खदान में हनुमान भक्त सिंह परिवार ने सेवा का अनूठा उदाहरण पेश किया।

उन्होंने “मोहब्बत का शरबत” बांटकर श्रद्धालुओं की प्यास ही नहीं, बल्कि उनके मन को भी तृप्त किया। जो भी इस शरबत को पी रहा था, उसके चेहरे पर सुकून और संतोष की झलक साफ दिखाई दे रही थी।पूरे दिन लाल खदान क्षेत्र भक्ति, प्रेम और सेवा का प्रतीक बना रहा। यहां हर व्यक्ति बजरंगबली की कृपा में डूबा नजर आया, जहां शरबत की मिठास के साथ-साथ भक्ति का अमृत भी हर दिल में उतरता चला गया।

Exit mobile version