
बढ़ते सड़क हादसे और इससे बचाव के लिए बलौदा बाजार भाटापारा पुलिस ने यातायात जागरूकता अभियान चलाकर ग्राम खंडवा सिमगा में आम जनों और 150 से अधिक ट्रैक्टर चालकों को यातायात सुरक्षा संबंधित नियमों की जानकारी दी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने के उद्देश्य से विभाग द्वारा यह अभियान चलाया गया।

इस दौरान लोगों को शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, तेज गति से वाहन न चलाने, मोटरसाइकिल में तीन सवारी नहीं करने, ट्रैक्टर को केवल कृषि कार्य में उपयोग करने और सवारी के रूप में उपयोग न करने, रात में चलते समय ट्रैक्टर के दोनों लाइट ऑन रखने और अन्य यातायात सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। विभाग ने बताया कि ठंड के मौसम में सड़क मार्ग में कोहरा की स्थिति रहती है। ऐसे में धीमी गति से ट्रैक्टर चलाना चाहिए

कार्यक्रम में उपस्थित वाहन चालकों का नेत्र और स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। इस दौरान ट्रैक्टर में रिफ्लेक्टर पट्टी लगाए गए। ग्राम खंडवा में आयोजित यातायात जागरूकता अभियान में क्षेत्र के ट्रैक्टर वाहन चालक एवं मालिक और अन्य ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।





