Site icon Grand Gumber News

भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक और फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ बिलासपुर लोकसभा प्रत्याशी तोखन साहू के समर्थन में सभा करने बिलासपुर आए।

भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक और फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ बिलासपुर लोकसभा प्रत्याशी तोखन साहू के समर्थन में सभा करने बिलासपुर पहुंचे। यहां उन्होंने 20 मिनट से भी कम समय बोला, लेकिन उपस्थित जन समूह में नई ऊर्जा भर दी। जिस तरह से पारा ऊपर जा रहा है उसी तेजी से चुनाव प्रचार का जोर भी बढ़ता जा रहा है। बिलासपुर में लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर अब तक बड़ी सभा नहीं हुई थी। इसकी शुरुआत इस रविवार को हुई। जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और हिंदूवादी फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ जनता को संबोधित करने बहतराई स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पहुंचे।

दोपहर बाद बिलासपुर पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को समस्या और भाजपा को उसका समाधान बताते हुए कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में ही देश तरक्की करेगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ को भगवान श्री राम का ननिहाल बताते हुए कहा कि इसीलिए छत्तीसगढ़ सबसे बढ़िया है। उन्होंने उस बात का भी जिक्र किया जब अयोध्या से पहले ही रायपुर में डॉक्टर रमन सिंह ने राम मंदिर बनाया था। तभी उन्होंने भविष्यवाणी कर दी थी कि 3 वर्ष के भीतर अयोध्या में भी राम मंदिर बन जाएगा। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जनहितकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस कभी यह नहीं करती। कांग्रेस तो राम के अस्तित्व को ही नकारती रही। जिन्होंने हमेशा सनातन का अपमान किया और हमारी विरासत पर प्रश्न चिन्ह खड़ा किया।

योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेशविओ अपने उदबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान राम ने आसुरी शक्तियों का विनाश कर सनातन संस्कृति की रक्षा की और यह सब कुछ इसी धरती पर हुआ। कांग्रेस हलफनामा देकर राम के अस्तित्व को नकारती रही और जब अयोध्या में राम मंदिर बन जाता है तो कहती है कि राम सबके है। इसे उन्होंने कांग्रेस का दोहरा चरित्र बताया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद कांग्रेस ने यहां जातिवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार, अराजकता और 370 जैसे विध्वंस कानून दिए। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की पूर्व भूपेश बघेल सरकार ने गरीबों के 18 लाख मकान रोक दिए। गोबर तक का घोटाला कर दिया, क्योंकि घोटाला ही कांग्रेस का परिचय है।

जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बदलते भारत के लिए हर कोई अपना अपना योगदान दे रहा है। कोई हनुमान है, कोई जामवंत तो कोई गिलहरी, लेकिन जनता के एक-एक वोट ने ही आज भारत को एक बार फिर विश्व का अग्रणी बनाया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार तोखन साहू के लिए जनता जनार्दन का आशीर्वाद मांगा। इस अवसर पर उनके साथ मंच में अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, हर्षिता पांडे, अरुण सिंह चौहान आदि मौजूद रहे, तो वहीं योगी आदित्यनाथ को करीब से देखने सुनने हजारों की संख्या में नागरिक पहुंचे थे।

Exit mobile version