
भिलाई :- भिलाई में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय जनता पार्टी के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, डिप्टी सीएम अरुण साव, प्रदेश महामंत्री पवन साय, पूर्व सांसद सरोज पांडेय और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय भी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने सीएम का जोरदार स्वागत किया।सीएम विष्णुदेव साय ने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के जयकारों के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि बीजेपी को अब एक नया भवन मिला है, जो पार्टी की रणनीति बनाने और संगठन को मजबूत करने का केंद्र बनेगा।सीएम ने मंच पर मौजूद सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास से ही भाजपा ने लोकसभा, विधानसभा और निगम चुनाव में जीत दर्ज की है।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भिलाई नगर निगम के लिए 20 करोड़ रुपये की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि अच्छा कार्यालय बनने से संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता और बेहतर तरीके से जनता की सेवा और निगम के विकास के लिए काम कर पाएंगे। उन्होंने इसे भिलाईवासियों के लिए बड़ी सौगात बताया।नक्सलवाद पर बोलते हुए सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व के सहयोग से राज्य में नक्सलवाद की कमर टूट चुकी है। हाल ही में सबसे बड़े नक्सली के खात्मे के बाद नक्सली संगठन अंतिम सांसें गिन रहा है। सीएम ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को पूरी तरह नक्सलमुक्त किया जाएगा।




