Site icon Grand Gumber News

भूमिहीन मजदूरों को बड़ी राहत, खातों में पहुंचे 10-10 हजार रुपये 5.62 लाख हितग्राहियों को योजना का लाभ, बिलासपुर में भी खुशियों की लहर

पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत छत्तीसगढ़ सरकार ने आज बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर के 5 लाख 62 हजार 112 हितग्राहियों के खातों में 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे ट्रांसफर की गई। बिलासपुर जिले में 49 हजार 413 हितग्राहियों को इस योजना का लाभ मिला है। बिलासपुर कलेक्ट्रेट के मंथन सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित करते हुए योजना की उपयोगिता और सरकार की मंशा पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में हितग्राहियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और हितग्राही उपस्थित रहे।सरकार का कहना है कि गांव, गरीब और किसानों के उत्थान के लिए लगातार योजनाएं चलाई जा रही हैं।

इन योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें। त्योहार के मौके पर मिली इस आर्थिक सहायता से मजदूर वर्ग में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। हितग्राही इसे सरकार की संवेदनशील पहल मानते हुए राहत महसूस कर रहे हैं, वहीं सरकार इसे गरीब कल्याण की दिशा में एक बड़ा और प्रभावी कदम बता रही है।

Exit mobile version