
अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आयोजित मड़ई मेला में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो पक्षों के लोगों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार गाड़ी को साइड में लगाने को लेकर इनोवा सवार और बाइक सवार युवकों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।घटना में अभनपुर निवासी कैलाश की गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घायल सभी इनोवा सवार हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अभनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।घटना के बाद एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मड़ई मेला जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।




