
रायपुर में कांग्रेस के ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान को लेकर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार लगातार जनता को दिए गए संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। पायलट ने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार द्वारा लाया गया भूमि अधिग्रहण कानून किसानों के हित में था, लेकिन भाजपा ने उसे खत्म करने की कोशिश की। राहुल गांधी ने संसद के भीतर और बाहर इसका कड़ा विरोध किया, जिसके चलते भाजपा को पीछे हटना पड़ा।उन्होंने कहा कि इसके बाद भाजपा सरकार किसानों के खिलाफ तीन काले कृषि कानून लेकर आई, जिनका देशभर में जबरदस्त विरोध हुआ। अंततः सरकार को वे कानून भी वापस लेने पड़े। अब ‘विकसित भारत–जी राम जी’ के नाम पर मनरेगा में बदलाव कर सरकार एक बार फिर जनता को भ्रमित कर रही है। पायलट का आरोप है कि मनरेगा कोई सामान्य योजना नहीं, बल्कि जनता को मिला संवैधानिक अधिकार है, जिसे कमजोर करने की साजिश की जा रही है।पायलट ने बताया कि कांग्रेस पार्टी इस फैसले के खिलाफ पूरे देश में आंदोलन कर रही है। छत्तीसगढ़ सहित हर प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर जाकर लोगों को इस बदलाव की सच्चाई बताई जाएगी और मनरेगा के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। इस बैठक में छत्तीसगढ़ सरकार को आगामी दिनों में घेरना सहित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।




