
मनरेगा बचाओ अभियान के तहत बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बिलासपुर में भव्य प्रदर्शन और कलेक्टरेट घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने कांग्रेस भवन पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने, शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।यह धरना-प्रदर्शन कांग्रेस भवन के बाहर शुरू होगा, जहां से सभी कांग्रेसी एकजुट होकर रैली के रूप में कलेक्टरेट पहुंचेंगे। वहां मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि मनरेगा योजना में लगातार कटौती, भुगतान में देरी और कार्यों में अनियमितताओं के कारण ग्रामीण मजदूरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है।इससे पहले भी कांग्रेस पार्टी द्वारा ब्लॉक मुख्यालय स्तर पर धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई जा चुकी है। अब जिला मुख्यालय में बड़े स्तर पर विरोध दर्ज कराने की तैयारी है। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, वरिष्ठ प्रदेश नेता तथा पूर्व मुख्यमंत्री के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।




