
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बिलासपुर शहर भर में भगवान भोलेनाथ की भक्ति और आराधना का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। सुबह से ही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और रुद्राभिषेक कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना की। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।इसी कड़ी में तोरवा स्थित बोल बम चौक में वार्ड क्रमांक 41 की बोल बम सेवा समिति द्वारा विशेष पूजा-अनुष्ठान के साथ भोग-भंडारे का आयोजन किया गया। समिति के सदस्यों ने यहां आने वाले श्रद्धालुओं को भोग और शुद्ध पेयजल वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया। श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की।इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक 2 के अध्यक्ष ताजामुल हक सहित समिति के अनेक पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समिति के सदस्यों ने बताया कि वे पिछले दस वर्षों से लगातार महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर इसी प्रकार भंडारे का आयोजन कर सेवा कार्य करते आ रहे हैं। उनका मानना है कि सेवा और भक्ति से ही भोलेनाथ की सच्ची आराधना होती है और इसी से समाज में भाईचारा और सद्भाव बना रहता है।




