Site icon Grand Gumber News

महिला दिवस पर रायगढ़ पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों का किया सम्मान महिलाओं की सुरक्षा के लिए “हेलो सिस्टर” विशेष पुलिस टीम का गठन

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला पुलिस रायगढ़ द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान वर्ष भर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने महिला पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आज महिलाएं पुलिस, सेना सहित कई ऐसे क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं जिन्हें पहले पुरुष प्रधान माना जाता था।

उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मी नारी सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश दे रही हैं।कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने केक काटकर महिला दिवस का उत्सव मनाया और अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा के साथ निभाने का संकल्प लिया।

इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अनिल विश्वकर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।इस अवसर पर एसएसपी ने महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए “हेलो सिस्टर” नाम से विशेष महिला पुलिस टीम के गठन की घोषणा भी की। इस टीम का नेतृत्व डीएसपी उन्नति ठाकुर करेंगी। टीम के लिए 24 घंटे सक्रिय रहने वाला हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जिस पर कॉल कर जिले की कोई भी महिला पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेगी।

Exit mobile version