
मुंगेली जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 50 हजार रुपये में सुपारी देकर हत्या की साजिश रची गई, लेकिन आरोपियों ने गलती से निर्दिष्ट व्यक्ति की जगह हेमप्रसाद साहू की हत्या कर दी। यह वारदात फास्टरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दाबो में हुई, जहां लोहे की रॉड से सिर पर वार कर हेमप्रसाद की जान ले ली गई।पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बताया कि तरवरपुर सोसायटी के प्रबंधक नेतराम साहू पर हत्या की सुपारी देने का आरोप सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक हेमप्रसाद साहू अपने साथी के साथ नवोदय विद्यालय के पास सड़क किनारे बैठा था, तभी आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से मृतक का लूटा हुआ मोबाइल भी बरामद किया गया।पुलिस ने बताया कि मोबाइल चालू करने के बाद सायबर टीम ने लोकेशन ट्रेस कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। कड़ी मेहनत के बाद पूरी गुत्थी सुलझाते हुए सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया।
