
मस्तूरी क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में आयोजित एक विवाह समारोह के सामूहिक भोज के बाद करीब 40 लोग फूड पॉयजनिंग की चपेट में आ गए। इनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। भोज के तुरंत बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टी, दस्त तथा पेट दर्द जैसी शिकायतें सामने आईं। घटना की जानकारी मिलते ही सभी बीमार लोगों को मस्तूरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों और स्टाफ द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।

बीएमओ मस्तूरी, डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि विवाह समारोह में शामिल गांव और आसपास के मेहमानों के भोजन के बाद यह स्थिति उत्पन्न हुई। स्वास्थ्य केंद्र में दर्ज मरीजों में बच्चों से लेकर वयस्क शामिल हैं। रजिस्टर के अनुसार जीविका पैकरा, आशु पैकरा, भारती पैकरा, डॉली पैकरा, उर्वशी पैकरा, अनीता पैकरा, शिवानी पैकरा, जोहित माटी, भूमिका नागेश सहित कई अन्य लोग भर्ती हैं। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है और स्वास्थ्य केंद्र में परिजन भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं।




