
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रदेशभर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 6,412 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। रायपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअली जुड़कर सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का भी शुभारंभ किया।

बिलासपुर जिले में जिला स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन स्व. बी.आर. यादव बहतराई स्टेडियम में किया गया, जहां जिले के 175 पात्र जोड़ों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री दिलीप लहरिया, श्री अटल श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं दीं और सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना निर्धन परिवारों के लिए बड़ा सहारा बनी है। सरकार बेटियों और बेटों के विवाह की चिंता कर रही है और आर्थिक संबल प्रदान कर उनके बड़े दायित्व को निभा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्यान्न, बिजली-पानी और रोजगार योजनाओं से गरीबों के जीवन स्तर में लगातार सुधार हो रहा है।महापौर पूजा विधानी और क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने योजना को गरीब परिवारों के लिए संवेदनशील और सम्मानजनक पहल बताया।

शासन की ओर से प्रत्येक हितग्राही जोड़े को 35 हजार रुपये का चेक, एक हजार रुपये परिवहन सहायता राशि के रूप में, साथ ही वस्त्र, मंगलसूत्र एवं श्रृंगार सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम में जिला प्रशासन व महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




