
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘गौधाम योजना’ का शुभारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को बिलासपुर जिले के तखतपुर विधानसभा क्षेत्र पहुंचेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। तखतपुर विधानसभा के ग्राम लाखासार में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्थल का निरीक्षण किया। कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने बताया कि लाखासार में बनने वाला गौधाम पूरे छत्तीसगढ़ के लिए एक मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य गौवंश संरक्षण के साथ-साथ उनके बेहतर रख-रखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला लगातार तैयारियों में जुटा हुआ है ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके। स्थानीय स्तर पर भी कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।




