Site icon Grand Gumber News

मुख्यमंत्री साय की पहल से शालू डहरिया को मिली नई उड़ान एशिया यूथ सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप के लिए 1.70 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान

छत्तीसगढ़ की बेटी और अंतरराष्ट्रीय सॉफ्टबॉल खिलाड़ी शालू डहरिया के चेहरे पर उस समय मुस्कान लौट आई, जब मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उन्हें वीडियो कॉल कर शुभकामनाएं दीं और उनके सपनों को साकार करने के लिए 1.70 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। शालू का चयन 14 से 20 जुलाई तक चीन के सिआन में होने वाली एशिया यूथ सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है।शालू एक साधारण परिवार से आती हैं, जहां पिता प्राइवेट सुरक्षा गार्ड और मां छोटे ब्यूटी पार्लर का संचालन करती हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद शालू ने आठवीं कक्षा से सॉफ्टबॉल खेलना शुरू किया और अब तक 12 बार राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है। अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भागीदारी के लिए आवश्यक राशि जुटाना उनके लिए चुनौती बन गया था।

मुख्यमंत्री श्री साय ने शालू से बात करते हुए कहा बेटी तुम आगे बढ़ो हम सब तुम्हारे साथ हैं।छत्तीसगढ़ को तुम पर गर्व है। अच्छा खेलो और देश प्रदेश का नाम रोशन करो।” मुख्यमंत्री की इस संवेदनशील पहल पर जांजगीर चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शालू को 1.70 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा और प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।शालू की माता अल्का डहरिया ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि यह सहायता शालू के लिए एक बड़ा संबल बनी है। मुख्यमंत्री श्री साय की पहल से एक बार फिर साबित हुआ कि सरकार सिर्फ घोषणाओं तक नहीं रुकती, बल्कि जरूरत की घड़ी में बेटियों के सपनों को पंख देने में आगे बढ़कर साथ निभाती है। राज्य सरकार बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Exit mobile version