
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के प्रवास के दौरान स्वास्थ्य, अधोसंरचना और जनकल्याण से जुड़े 122 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने उज्ज्वला योजना के तहत 2 हजार से अधिक महिलाओं को घरेलू गैस कनेक्शन वितरित किए, जिससे महिलाओं को धुएं से मुक्ति और स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी।मुख्यमंत्री ने बगीचा विकासखंड में 2.43 करोड़ रुपये की लागत से बने 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण करते हुए इसे वनांचल और पहाड़ी कोरवा सहित करीब दो लाख आबादी के लिए बड़ी सौगात बताया।

यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं, आधुनिक लैब और 100 मेडिकल व पैरामेडिकल स्टाफ की व्यवस्था की गई है। साथ ही मेगा हेल्थ कैंप में हजारों लोगों की जांच, इलाज और निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।मुख्यमंत्री श्री साय ने बगीचा और फरसाबहार क्षेत्र में सड़कों, पुल-पुलियों, सामाजिक भवनों, स्कूलों और एनीकट सहित कुल 46 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य दूरस्थ और आदिवासी अंचलों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है, ताकि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।




