Site icon Grand Gumber News

मैनपाट के टाइगर पॉइंट में देर रात भीषण आग, दर्जनभर दुकानें जलकर खाक आगजनी से छोटे व्यापारियों को भारी नुकसान, जांच में जुटी पुलिस

सरगुजा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट स्थित टाइगर पॉइंट में देर रात लगभग 12 बजे अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि टाइगर पॉइंट के पास स्थित झोपड़ीनुमा लगभग एक दर्जन दुकानें देखते ही देखते जलकर खाक हो गईं। घटना के समय अधिकांश दुकानें बंद थीं, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकानों में रखा सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।आग लगते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक आग छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी छीन चुकी थी।इस आगजनी की घटना से पर्यटन स्थल पर काम करने वाले छोटे दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि उनकी दुकानों में रखे खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Exit mobile version