
मोबाइल पर ब्लॉक करने जैसी मामूली बात ने एक युवक की जान ले ली। रविवार दोपहर गौरी गणेश कॉलोनी उस वक्त सनसनी में आ गई, जब प्रेमिका द्वारा किए गए चाकू के हमले में एक युवक की मौत हो गई। थाना सिविल लाइन अंतर्गत मोबाइल नम्बर ब्लॉक करने को लेकर एक सनसनीखेज मामले ने सबको दहला कर रख दिया।जहां आरोपिया ने अपने ही प्रेमी को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया।इस पूरे मामले में सिविल लाइन पुलिस ने कार्यवाही करते हुए मृतक की पहचान कामता प्रसाद, निवासी खूंटाघाट ग्राम कर्रा के रूप में की है।

वहीं आरोपी युवती रोशनी सूर्यवंशी, निवासी झलमला, सीपत बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध थे और हाल के दिनों में मोबाइल फोन को लेकर विवाद चल रहा था।जानकारी के मुताबिक, मोबाइल पर ब्लॉक किए जाने को लेकर दोनों में बहस हुई थी। विवाद बढ़ने पर युवती युवक से मिलने गौरी गणेश कॉलोनी पहुंची, जहां कहासुनी तेज हो गई और इसी दौरान चाकू से हमला किया गया।हमले में चाकू युवक के सीने में लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

आसपास मौजूद लोगों की मदद से युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस पूछताछ में आरोपी युवती का कहना है कि वह युवक को डराने के इरादे से चाकू लेकर गई थी और छीना-झपटी के दौरान यह घटना हो गई। हालांकि पुलिस इस बयान सहित सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।सभी हैरान भी है कि क्या कोई लड़की ऐसा कर सकती है।हालांकि यह वहम या केवल एक बात नही बल्कि सच्चाई है।फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी युवती को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




