
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल चिंगराजपारा में “यातायात की पाठशाला” कार्यक्रम आयोजित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में चल रहे इस जन-जागरूकता अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों को यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील बनाना और उन्हें अपने परिवार के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक, गीत और नृत्य के जरिए सड़क सुरक्षा का महत्व समझाया। यातायात विभाग के हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह ने देशभक्ति और यातायात नियमों पर आधारित गीतों की प्रस्तुति दी। पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा माह में योगदान देने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। इस दौरान सेवानिवृत्त उप निरीक्षक उमाशंकर पांडे ने यातायात संकेतों और नियमों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में “शियान चेतना कार्यक्रम” और “चेतना पर्यावरण मित्र अभियान” के तहत विद्यालय प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया गया। “एक पेड़ माँ के नाम” पहल के तहत छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए पौधारोपण किया। अंत में सभी बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने की सार्वजनिक शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, पूर्व प्राचार्य, जनप्रतिनिधिगण व सैकड़ों विद्यार्थियों की सहभागिता रही, जिसने इस आयोजन को सफल और प्रेरक बना दिया।




