Site icon Grand Gumber News

रजत महोत्सव : लखीराम सभागार में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक, छात्रों ने दिखाई अपनी प्रतिभा,कलेक्टर बोले – समय का सदुपयोग करें, सकारात्मक कार्यों में लगाएँ ऊर्जा…

बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25वें वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे रजत महोत्सव के अंतर्गत गुरुवार को लखीराम ऑडिटोरियम में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित हुआ। चित्रकला, रंगोली और लोकनृत्य प्रतियोगिता इसमें मुख्य आकर्षण रहे। जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी कला व प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कलेक्टर संजय अग्रवाल, निगम कमिश्नर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने आयोजन में पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।कलेक्टर अग्रवाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को अपने समय का सदुपयोग सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में करना चाहिए। उन्होंने कहा – “आप देश का भविष्य हैं, अपने हर क्षण को ऐसे कार्यों में लगाएँ जो समाज और देश की तरक्की में योगदान दे।” उन्होंने छात्रों से बुजुर्गों का सम्मान करने और उनके अनुभवों से सीख लेकर जीवन को नई दिशा देने की अपील भी की। इस दौरान चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, परंपरा और जनजीवन को चित्रों और रंगों के माध्यम से जीवंत कर दिया। वहीं लोकनृत्य प्रतियोगिता में पंथी, करमा और सुवा जैसे पारंपरिक नृत्यों की शानदार प्रस्तुति हुई, जिसने सभागार को उत्सवमय बना दिया।प्रतियोगिताओं में विजेताओं की घोषणा भी की गई।चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम हर्ष राठौर साइंस कॉलेज, द्वितीय पियूष चंद्रा लाला लाजपत राय स्कूल और तृतीय देवब्रत देवांगन स्वामी आत्मानंद कॉलेज रहे। रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम मनीषा साहू और गरिमा यादव जे.वी. वर्मा महाविद्यालय, द्वितीय स्थान शासकीय एमएलएस महाविद्यालय की टीम और तृतीय स्थान बिलासा कॉलेज की टीम को मिला।लोकनृत्य में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटा प्रथम, लाला लाजपत राय खपरगंज स्कूल द्वितीय और सीएमडी महाविद्यालय बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम में एनएसएस राज्य समन्वयक मनोज सिन्हा, जिला पंचायत परियोजना अधिकारी ओम पाण्डेय, शिक्षकों सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी व स्वयंसेवक शामिल हुए।

Exit mobile version